पनकी धाम यार्ड री-मॉडलिंग: कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, भविष्य में यात्रियों को मिलेगा तेज और सुगम सफर

प्रयागराज। रेलवे प्रशासन द्वारा प्रयागराज मंडल के कानपुर-टूंडला रेलखंड पर स्थित पनकी धाम स्टेशन पर नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम और चौथी रेल लाइन की कनेक्टिविटी के लिए यार्ड री-मॉडलिंग का कार्य कराया जा रहा है। रेलवे के अनुसार यह महत्वपूर्ण कार्य पूरा होने के बाद इस खंड पर ट्रेनों की गति बढ़ेगी, परिचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु होगा तथा यात्रियों के बहुमूल्य समय की बचत होगी।

इस कार्य के चलते रेलवे ने कुछ ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण, रीशेड्यूलिंग और रेग्यूलेशन करने का निर्णय लिया है।

आंशिक निरस्तीकरण 30 जुलाई 2026 को चलने वाली 64588 टूंडला-कानपुर तथा 64587 कानपुर-टूंडला पैसेंजर ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य तक न जाकर केवल रुरा स्टेशन तक ही संचालित होंगी। यह व्यवस्था केवल एक फेरे के लिए लागू रहेगी।

रीशेड्यूल होंगी कई प्रमुख ट्रेनें यार्ड री-मॉडलिंग के कारण बीकानेर-हावड़ा, आनंद विहार टर्मिनल-पुरी, आनंद विहार टर्मिनल-कामाख्या, गोरखपुर-ओखा, बाड़मेर-हावड़ा, सूबेदारगंज-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, टाटा-जम्मू तवी तथा आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशन से 90 से 150 मिनट तक विलंब से रवाना किया जाएगा।

22 ट्रेनों का होगा रेग्यूलेशन 21 जुलाई से 30 जुलाई के बीच लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी, हावड़ा-बीकानेर, हावड़ा-जोधपुर, कामाख्या-आनंद विहार, पुरी-आनंद विहार, अहमदाबाद-राजगीर, नई दिल्ली-हावड़ा, कालका-हावड़ा, सियालदह-अजमेर, जोगबनी-आनंद विहार सहित 22 ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों एवं रेलखंडों पर 30 मिनट से 120 मिनट तक नियंत्रित (रेग्यूलेट) किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) ऐप/वेबसाइट के माध्यम से अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।