सोनम वांगचुक के समर्थन में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक पर सख्त कानून बनाने की उठाई मांग

पीलीभीत। आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक आह्वान पर सोमवार को पीलीभीत में जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व तथा प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी एडवोकेट सुनीता गंगवार की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे शिक्षाविद श्री सोनम वांगचुक के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किया गया और युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के करोड़ों युवा बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि श्री सोनम वांगचुक पिछले 21 दिनों से जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे। उनकी प्रमुख मांग थी कि नीट पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को न्याय मिले तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। पार्टी नेताओं का कहना था कि 18 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति से मांग की कि शिक्षा मंत्री का तत्काल इस्तीफा लिया जाए, सोनम वांगचुक और युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित किए जाएं तथा जंतर-मंतर जैसे स्थानों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार की रक्षा की जाए।

कार्यक्रम में जिला महासचिव एड. संजय कुमार, पंचायत प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विनोद कुमार भारती, एससी/एसटी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राम सिंह सोनकर, युवा प्रकोष्ठ महासचिव मनोज भारती, श्रेयांस पांडेय, वहीद अहमद, दीपक सोनकर, राधेश्याम, बबलू मिश्रा, धर्मपाल वर्मा, अरुण सोनकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।