सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ियों में झाड़ियां साफ कराने व जर्जर भवन हटाने की मांग, आप नेता ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत। आम आदमी पार्टी के पंचायत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं पूरनपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विनोद कुमार भारती ने गुरुवार को जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनपद के सरकारी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में फैली अव्यवस्थाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद के राजकीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के परिसरों में बरसात के कारण बड़ी मात्रा में घास और झाड़ियां उग आई हैं। इससे जहरीले सांप, बिच्छू और अन्य कीड़े-मकोड़ों का खतरा बढ़ गया है, जिससे बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। साथ ही परिसर में साफ-सफाई के अभाव से बच्चों के स्वास्थ्य और शैक्षिक वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

विनोद कुमार भारती ने मांग की कि सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में तत्काल साफ-सफाई कराई जाए तथा कीटनाशकों का छिड़काव कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जनपद के कई विद्यालयों में जर्जर एवं अत्यधिक क्षतिग्रस्त भवन अब भी खड़े हैं, जो बरसात और तेज हवाओं के दौरान कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे भवन बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। उन्होंने मांग की कि इन भवनों का शीघ्र निरीक्षण कराकर आवश्यकतानुसार मरम्मत अथवा ध्वस्तीकरण कराया जाए, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

विनोद कुमार भारती ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, कीटनाशक छिड़काव तथा जर्जर भवनों के संबंध में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।