आषाढ़ी मेले के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, दादर–पंढरपुर के बीच चलेंगी विशेष ट्रेनें

मुंबई। आषाढ़ी मेले में पंढरपुर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे ने दादर?पंढरपुर?दादर के बीच दो विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के चलने से मेले के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी और भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 01045 विशेष ट्रेन 24 जुलाई 2026 को दादर से दोपहर 12:50 बजे रवाना होकर रात 9:15 बजे पंढरपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 01046 26 जुलाई 2026 को रात 12:15 बजे पंढरपुर से चलकर सुबह 11:45 बजे दादर पहुंचेगी।

इन विशेष ट्रेनों का ठहराव ठाणे, कल्याण, लोनावला, पुणे, दौंड और कुर्डुवाड़ी स्टेशनों पर होगा।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन में 2 एसी थ्री-टियर, 10 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा 2 द्वितीय बैठक सह गार्ड ब्रेक वैन सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे।

इन ट्रेनों के लिए आरक्षण सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू कर दिया गया है। यदि आषाढ़ी मेले के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।

यात्री ट्रेनों के समय की विस्तृत जानकारी एनटीईएस (NTES) ऐप या रेलवे की पूछताछ प्रणाली के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। मध्य रेलवे ने श्रद्धालुओं से समय रहते टिकट बुक कराने की अपील की है।