19 जुलाई को मध्य रेल का मेगा ब्लॉक, कई लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित, मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में होगी देरी

मुंबई। मध्य रेल ने यात्रियों को सूचित किया है कि रेलवे ट्रैक के रखरखाव और इंजीनियरिंग कार्यों के लिए रविवार, 19 जुलाई 2026 को मुंबई मंडल के मुख्य लाइन और ट्रांस-हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी, जबकि कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा और वे 10 से 15 मिनट की देरी से चलेंगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला ने बताया कि विद्याविहार और ठाणे के बीच पांचवीं एवं छठी लाइन पर सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान एलटीटी?गोरखपुर एक्सप्रेस, एलटीटी?जयनगर एक्सप्रेस, एलटीटी?तिरुवनंतपुरम नेत्रावती एक्सप्रेस और एलटीटी?काकीनाडा पोर्ट एक्सप्रेस सहित कई डाउन ट्रेनें डायवर्ट होकर चलेंगी। वहीं पुणे?सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, सोलापुर?सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस, हावड़ा?सीएसएमटी एक्सप्रेस, बनारस?एलटीटी एक्सप्रेस समेत कई अप दिशा की ट्रेनें भी परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी, जिससे इनके गंतव्य तक पहुंचने में लगभग 10 से 15 मिनट की देरी होगी।

इसके अलावा ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। ब्लॉक अवधि में ठाणे?वाशी, नेरुल और पनवेल के बीच दोनों दिशाओं की सभी ट्रांस-हार्बर लोकल सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। ठाणे से सुबह 10:35 बजे से 4:07 बजे के बीच तथा पनवेल, नेरुल और वाशी से 10:25 बजे से 4:09 बजे के बीच चलने वाली सभी लोकल ट्रेनें निरस्त रहेंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था अपनाने की सलाह दी है। मध्य रेल ने स्पष्ट किया कि यह मेगा ब्लॉक रेलवे आधारभूत संरचना के रखरखाव और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा यात्रियों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।