मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा अभियान तेज, 20 होटल-रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल का फायर ऑडिट, 113 लोगों को किया जागरूक

मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए शुक्रवार को 20 होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, बैंक्वेट हॉल और पब्लिक क्लबों का फायर ऑडिट एवं सुरक्षा निरीक्षण किया। अभियान के दौरान 113 लोगों को अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन निकासी (इवैक्यूएशन) का प्रशिक्षण देकर जागरूक किया गया।

यह अभियान उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश पर स्कीम नंबर-05 के तहत 14 से 20 जुलाई तक चलाया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण मानकों के अनुरूप नहीं मिले या अकार्यशील पाए गए, उन्हें सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्निशमन उपकरण हमेशा कार्यशील रखें, उनका नियमित रखरखाव कराएं और बेसमेंट में किसी भी प्रकार की होटल, रेस्टोरेंट या बैंक्वेट संबंधी गतिविधि संचालित न करें।

अभियान के दौरान होटल संचालकों, कर्मचारियों और आम लोगों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक अग्निशमन उपाय और आपदा प्रबंधन की जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग ने सभी प्रतिष्ठानों से सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही बड़े हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है।