प्राथमिक विद्यालय बाजार घाट नंबर-1 में शिक्षकों की मनमानी का आरोप, बच्चे गेट पर करते इंतजा

खालसा लाइव 24 न्यूज

प्राथमिक विद्यालय बाजार घाट नंबर-1 में शिक्षकों की मनमानी का आरोप, बच्चे गेट पर करते रहे इंतजार

पूरनपुर (पीलीभीत)। विकास खंड पूरनपुर के प्राथमिक विद्यालय बाजार घाट नंबर-1 में शिक्षकों की कार्यशैली को लेकर अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय में स्वीकृत शिक्षकों की संख्या केवल कागजों तक सीमित नजर आती है, जबकि नियमित रूप से सिर्फ एक अध्यापक और एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ही विद्यालय पहुंचते हैं।

मंगलवार सुबह भी विद्यालय खुलने के निर्धारित समय पर शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के समय से न पहुंचने के कारण बच्चे विद्यालय के मुख्य गेट पर काफी देर तक इंतजार करते रहे। इससे अभिभावकों में रोष व्याप्त हो गया।

अभिभावकों का यह भी आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक भी नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंचते हैं, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि बच्चों की पढ़ाई पर इसका सीधा असर पड़ रहा है और विद्यालय की व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है।

ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।