भूस्खलन से मध्य रेलवे का रेल यातायात प्रभावित, जोधपुर-हडपसर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें रद्द व मार्ग परिवर्तित

जयपुर। मध्य रेलवे के ठाकुरबारी और मंकी हिल स्टेशनों के बीच भूस्खलन होने के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया है। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे से संचालित कुछ महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 20495 जोधपुर-हडपसर एक्सप्रेस 18 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक तथा गाड़ी संख्या 20496 हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस 19 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक रद्द रहेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 20992 दौंड-अजमेर एक्सप्रेस, जो 17 जुलाई 2026 को दौंड से रवाना होगी, उसे दौंड-मनमाड-जलगांव-पालधी-सूरत मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 20991 अजमेर-दौंड एक्सप्रेस, जो 23 जुलाई 2026 को अजमेर से प्रस्थान करेगी, उसका संचालन सूरत-पालधी-मनमाड होकर किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।