तीन दिन से ठप जलापूर्ति, पानी की टंकी पर चढ़कर युवक ने किया प्रदर्शन

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी-नेवादा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति ठप होने से नाराज समाजसेवी श्याम मोहन गुप्ता शुक्रवार को पानी की टंकी पर चढ़ गए और जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई दिनों से जलापूर्ति बाधित है, जिससे क्षेत्र की जनता भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान है। बार-बार अधिकारियों को फोन करने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।

श्याम मोहन गुप्ता ने बताया कि जल निगम ने 16 जुलाई को मंगारी-नेवादा पेयजल योजना के तहत खराब मोटर बदलने का कार्य कराया था, लेकिन इसके बाद भी नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। उनका कहना है कि नए पंप के निर्माण और संचालन कार्य में पर्याप्त निगरानी नहीं होने से गांव के कई हिस्सों में पानी नहीं पहुंच रहा है।

प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर फूलपुर थाने के उपनिरीक्षक अनिल यादव, राम सिंह, जल निगम के जेई गौरव तथा एलएंडटी (L&T) के कर्मचारी पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी से वार्ता की और उनकी मांगों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद समाजसेवी श्याम मोहन गुप्ता पानी की टंकी से नीचे उतर गए।

श्याम मोहन गुप्ता ने कहा कि यदि तय समय में जलापूर्ति सुचारु नहीं हुई तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने भी जल निगम से जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।