12 घंटे में दबोचा गया ट्रेन में छिनैती करने वाला शातिर लुटेरा

वाराणसी। लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस में महिला यात्री से पर्स छीनकर फरार हुए शातिर लुटेरे को जीआरपी कैंट ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कृष्णा यादव निवासी परासी, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से महिला यात्री का एप्पल आईफोन, राडो कंपनी की घड़ी, नकदी समेत अन्य सामान बरामद कर लिया गया है।

जीआरपी ने आरोपी को बनारस रेलवे स्टेशन स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट के पीछे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को निशाना बनाकर छिनैती और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि 14 जुलाई की सुबह लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस में कैंट स्टेशन के समीप आरोपी ने एक महिला यात्री का पर्स छीन लिया था। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया।

इस कार्रवाई में जीआरपी कैंट और आरपीएफ बनारस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में इंस्पेक्टर देवचंद्र यादव, आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार, जीआरपी चौकी प्रभारी अशोक कुमार ओझा, कॉन्स्टेबल संदीप तिवारी, मुन्ना चौहान, सोनू गुप्ता, जितेंद्र राय और हरेन्द्र यादव शामिल रहे।

जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने पहले भी रेल यात्रियों के साथ ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।