कर्जत–लोणावला रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं हुईं सामान्य, कई प्रमुख एक्सप्रेस अपने नियमित मार्ग पर लौटेंगी

कर्जत लोणावला रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं हुईं सामान्य, कई प्रमुख एक्सप्रेस अपने नियमित मार्ग पर लौटेंगी

मुंबई। मध्य रेल ने कर्जत लोणावला रेलखंड पर दक्षिण-पूर्व डाउन लाइन को सफलतापूर्वक पुनर्बहाल कर दिया है। इसके साथ ही इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर दो लाइनों पर ट्रेन संचालन फिर से शुरू हो गया है। इससे कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें अब अपने निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार संचालित की जाएंगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला ने बताया कि मध्य रेल की टीम ने 14 जुलाई को दक्षिण-पूर्व डाउन लाइन को बहाल कर दिया। इससे पहले 7 जुलाई को मिड लाइन को चालू किया जा चुका था। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेलवे कर्मचारियों ने लगातार 24 घंटे कार्य कर मलबा हटाया और रेल यातायात को सामान्य करने में सफलता हासिल की।

रेलवे के अनुसार 11302 बेंगलुरु सीएसएमटी उद्यान एक्सप्रेस और 12116 सोलापुर सीएसएमटी सिद्धेश्वर एक्सप्रेस अब 17 जुलाई से सीएसएमटी तक अपने नियमित मार्ग पर संचालित होंगी। वहीं 11301 सीएसएमटी बेंगलुरु उद्यान एक्सप्रेस, 12115 सीएसएमटी?सोलापुर सिद्धेश्वर एक्सप्रेस तथा 17411 सीएसएमटी?कोल्हापुर महालक्ष्मी एक्सप्रेस 18 जुलाई से अपने निर्धारित मार्ग पर लौट आएंगी। 17412 कोल्हापुर सीएसएमटी महालक्ष्मी एक्सप्रेस 19 जुलाई से नियमित रूप से चलेगी।

इसके अलावा 09419 अहमदाबाद तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस, जिसे अस्थायी रूप से वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा था, अब पुनः अपने निर्धारित मार्ग पर संचालित होगी। वहीं डेक्कन क्वीन और सीएसएमटी?पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस की सेवाएं पहले ही 16 जुलाई से बहाल की जा चुकी हैं।

रेलवे ने यात्रियों से ट्रेनों की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन, एनटीईएस (NTES) ऐप तथा मध्य रेल के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अपील की है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला ने बताया कि मध्य रेल यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध रेल सेवा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा शेष कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।