12 जुलाई को मध्य रेल की मुख्य और हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द

मुंबई। मध्य रेल ने 12 जुलाई (रविवार) को विभिन्न इंजीनियरिंग एवं अनुरक्षण कार्यों के लिए मुख्य और हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक की घोषणा की है। इस दौरान कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ सेवाओं का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, मुख्य लाइन पर सीएसएमटी विद्याविहार अप एवं डाउन धीमी लाइन पर सुबह 10:55 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से चलने वाली डाउन धीमी लाइन की ट्रेनें विद्याविहार तक तेज लाइन से संचालित होंगी और भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन तथा कुर्ला स्टेशनों पर ठहरेंगी। इसी प्रकार घाटकोपर से सीएसएमटी की ओर आने वाली अप धीमी लाइन की ट्रेनें भी तेज लाइन से चलाई जाएंगी।

वहीं हार्बर लाइन पर सीएसएमटी चुनाभट्टी/बांद्रा डाउन लाइन पर 11:40 बजे से 4:40 बजे तक तथा चुनाभट्टी/बांद्रा सीएसएमटी अप लाइन पर 11:10 बजे से 4:10 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर, पनवेल, बांद्रा और गोरेगांव की ओर जाने वाली तथा इन स्टेशनों से सीएसएमटी आने वाली कई हार्बर लाइन सेवाएं रद्द रहेंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए ब्लॉक अवधि में पनवेल और कुर्ला (प्लेटफॉर्म संख्या 8) के बीच 20-20 मिनट के अंतराल पर विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। साथ ही सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक हार्बर लाइन के यात्रियों को मुख्य लाइन और पश्चिम रेलवे की ट्रेनों से यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी।

रेल प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे अवसंरचना के बेहतर रखरखाव के लिए यह मेगा ब्लॉक आवश्यक है। यात्रियों से यात्रा की योजना पहले से बनाकर रेलवे का सहयोग करने की अपील की गई है।