मुंबई–नांदेड़ के बीच दो नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू, यात्रियों को बड़ी सुविधा

मुंबई। मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) हज़ूर साहिब नांदेड़ के बीच दो नई साप्ताहिक नियमित एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इन ट्रेनों की उद्घाटन सेवा 6 जुलाई को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, रेल मंत्री एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 17667/17668 का नियमित संचालन 8 और 9 जुलाई 2026 से तथा गाड़ी संख्या 17665/17666 का संचालन 13 और 14 जुलाई 2026 से शुरू होगा।

गाड़ी संख्या 17668 एलटीटी नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को शाम 4:55 बजे एलटीटी से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:10 बजे हज़ूर साहिब नांदेड़ पहुंचेगी। वहीं 17667 नांदेड़?एलटीटी एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार रात 9:15 बजे नांदेड़ से चलकर अगले दिन दोपहर 1:00 बजे एलटीटी पहुंचेगी।

इसी प्रकार 17666 एलटीटी नांदेड़ एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को शाम 4:35 बजे एलटीटी से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:10 बजे नांदेड़ पहुंचेगी। वापसी में 17665 नांदेड़ एलटीटी एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार रात 9:15 बजे नांदेड़ से चलकर अगले दिन दोपहर 1:40 बजे एलटीटी पहुंचेगी।

ये ट्रेनें मार्ग में कल्याण, नासिक रोड, मनमाड, भुसावल, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली डेक्कन, बसमत और पूर्णा सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी। दूसरी जोड़ी की ट्रेन का इगतपुरी और चालीसगांव में भी ठहराव रहेगा।

दोनों ट्रेनों में एसी प्रथम श्रेणी, एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, स्लीपर तथा सामान्य श्रेणी सहित कुल 22 कोच लगाए गए हैं। रेलवे ने बताया कि 17666 और 17668 ट्रेनों के लिए आरक्षण 8 जुलाई 2026 से सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों, आईआरसीटीसी वेबसाइट और रेलवन (RailOne) ऐप पर उपलब्ध रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की विस्तृत समय-सारिणी के लिए एनटीईएस ऐप या भारतीय रेल की पूछताछ वेबसाइट का उपयोग करने की अपील की है।