यात्रियों को मिली नई सौगात, उत्तर रेलवे 17 जुलाई से शुरू करेगा तीन नई ट्रेन सेवाएं

यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संपर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे 17 जुलाई 2026 से तीन नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत करने जा रहा है। इन नई सेवाओं से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई क्षेत्रों के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।

उत्तर रेलवे द्वारा बताया गया ट्रेन संख्या 04506 करतारपुर पंजाब?अंबाला कैंट उद्घाटन स्पेशल एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 04686 जालंधर कैंट वाराणसी उद्घाटन स्पेशल एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 04410 जींद सोनीपत उद्घाटन स्पेशल स्पेशल ट्रेन का शुभारंभ 17 जुलाई 2026 को किया जाएगा।

करतारपुर पंजाब अंबाला कैंट उद्घाटन स्पेशल (04506) एकतरफा विशेष ट्रेन के रूप में चलेगी। यह ट्रेन करतारपुर पंजाब से दोपहर 3:40 बजे रवाना होकर दौलतपुर चौक, अंब अंदौरा, ऊना हिमाचल, नंगल डैम, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, मोरिंडा, सरहिंद, राजपुरा होते हुए रात 9:20 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी।

जालंधर कैंट वाराणसी उद्घाटन स्पेशल (04686) जालंधर कैंट से दोपहर 3:40 बजे प्रस्थान करेगी और लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर होते हुए अगले दिन दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह नई सेवा उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों के बीच बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।

वहीं जींद सोनीपत उद्घाटन स्पेशल (04410) हाइड्रोजन फ्यूल से संचालित विशेष ट्रेन होगी। यह ट्रेन जींद से सुबह 10:50 बजे रवाना होकर जींद सिटी, पांडू पिंडारा, लिटल खेड़ा, भांभेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खरकड़ा, गोहाना, राभड़ा, लाठ, मोहन हरियाणा और बरवासनी हॉल्ट होते हुए दोपहर 1:00 बजे सोनीपत पहुंचेगी।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय का कहना है कि इन नई ट्रेन सेवाओं से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे, क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा तथा रेल नेटवर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से इन नई सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।