ई-निविदा से फिरोजपुर मंडल को ₹1.34 करोड़ का राजस्व, गोल्डन टेंपल मेल में एसएलआर लीजिंग अनुबंध अलॉट

ई-निविदा से फिरोजपुर मंडल को ₹1.34 करोड़ का राजस्व, गोल्डन टेंपल मेल में एसएलआर लीजिंग अनुबंध अलॉट

फिरोजपुर। रेलवे की आय बढ़ाने और माल परिवहन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल ने ई-निविदा प्रक्रिया के माध्यम से ट्रेन संख्या 12904 गोल्डन टेंपल मेल में एसएलआर (गार्ड ब्रेक वैन) लीजिंग अनुबंध सफलतापूर्वक अलॉट किया है।

इस अनुबंध से रेलवे को लगभग 1.34 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, एसएलआर लीजिंग व्यवस्था से ट्रेनों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होता है, जिससे रेलवे की आय में वृद्धि के साथ-साथ व्यापारियों को भी लाभ मिलता है।

इस व्यवस्था के माध्यम से व्यापारी अपने सामान को तेज, सुरक्षित और किफायती तरीके से एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेज सकते हैं। इससे समय और परिवहन लागत दोनों में बचत होती है, जबकि रेलवे को अतिरिक्त आय का स्रोत प्राप्त होता है।

रेलवे का कहना है कि ई-निविदा प्रणाली से अनुबंध प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी है, जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और राजस्व में भी लगातार वृद्धि हो रही है। साथ ही यात्रियों और व्यापारियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो रही है।