उत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने अमृतसर, जालंधर कैंट और लुधियाना स्टेशनों का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

उत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने अमृतसर, जालंधर कैंट और लुधियाना स्टेशनों का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को अमृतसर?जालंधर कैंट?लुधियाना रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण कर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड के ब्लॉक सेक्शन में रेल पथ, ओवरहेड विद्युत लाइन, रेलवे यार्ड तथा सिग्नल प्रणाली का निरीक्षण करते हुए रेल संचालन व्यवस्था की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने अमृतसर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए डिजिटल भुगतान व्यवस्था को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्टेशन के दोनों ओर बन रही नई इमारतों, विशाल कॉनकोर्स, कैफेटेरिया, पार्किंग, प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज जैसी आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, आरक्षण कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया सहित अन्य यात्री सुविधाओं की भी समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने लुधियाना जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन पर जारी पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, बेहतर और सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।