पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का सघन टिकट जांच अभियान, जून में 1.14 लाख बेटिकट यात्री पकड़े गए

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का सघन टिकट जांच अभियान, जून में 1.14 लाख बेटिकट यात्री पकड़े गए

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने बेटिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए जून 2026 में चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान 1,14,633 यात्रियों को बेटिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जो जून 2025 की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक है।

रेलवे ने टिकट जांच के दौरान किराया और अतिरिक्त शुल्क के रूप में 14.44 करोड़ रुपये की वसूली की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 59 प्रतिशत अधिक है। इनमें 81,744 बेटिकट यात्रियों से 11.85 करोड़ रुपये तथा 32,889 अनियमित टिकट वाले यात्रियों से 2.59 करोड़ रुपये वसूले गए। इसके अलावा गैर-जुर्माना मामलों से 46.84 लाख रुपये की आय भी हुई।

जून माह में पूरे जोन में 377 सघन टिकट जांच अभियान चलाए गए और 3,289 ट्रेनों में टिकट जांच की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाती है।

वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में रेलवे ने 3,35,040 बेटिकट एवं अनियमित यात्रा के मामले पकड़े और 39.56 करोड़ रुपये की वसूली की। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में काफी अधिक है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें, उचित यात्रा प्राधिकार अपने साथ रखें तथा अतिरिक्त सामान का नियमानुसार बुकिंग कराएं। रेलवे का कहना है कि इससे सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक यात्रा के साथ-साथ रेल राजस्व और परिचालन व्यवस्था भी मजबूत होगी।