रानी कमलापति–अगरतला स्पेशल एक्सप्रेस अब एलएचबी कोचों के साथ चलेगी, यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और आरामदायक सफर

रानी कमलापति अगरतला स्पेशल एक्सप्रेस अब एलएचबी कोचों के साथ चलेगी, यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और आरामदायक सफर

मालीगांव। भारतीय रेल ने यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 01665/01666 रानी कमलापति अगरतला स्पेशल एक्सप्रेस को आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) रेक से अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। अब इस ट्रेन में पारंपरिक आईसीएफ कोचों की जगह एलएचबी कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 01665 रानी कमलापति अगरतला स्पेशल एक्सप्रेस 9 जुलाई 2026 से रानी कमलापति स्टेशन से एलएचबी रेक के साथ संचालित होगी, जबकि 01666 अगरतला?रानी कमलापति स्पेशल एक्सप्रेस 12 जुलाई 2026 से अगरतला से नए एलएचबी रेक के साथ रवाना होगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एलएचबी कोच अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित हैं और इनमें एंटी-टेलीस्कोपिक डिज़ाइन होने के कारण दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा का स्तर अधिक रहता है। बेहतर सस्पेंशन सिस्टम यात्रियों को अधिक आरामदायक और झटकों से मुक्त सफर का अनुभव कराता है। इसके अलावा ये कोच अधिक गति से संचालन के लिए उपयुक्त होने के साथ बेहतर इंटीरियर और आधुनिक सुविधाओं से भी लैस हैं।

नए एलएचबी रेक में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें विभिन्न श्रेणियों के डिब्बे शामिल हैं ताकि यात्रियों की अलग-अलग आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।

भारतीय रेल का कहना है कि आधुनिक तकनीक और उन्नत कोचों को शामिल करने का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।