आईजी ने ट्रैफिक मैन डॉ. महेश मिश्रा को उत्कृष्ट कार्यों के लिए किया सम्मानित, ₹5 हजार का नगद पुरस्कार

बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में यातायात विभाग में पदस्थ राष्ट्रपति पदक प्राप्त हवलदार एवं "ट्रैफिक मैन" के नाम से प्रसिद्ध डॉ. महेश मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने ₹5 हजार का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। डॉ. मिश्रा लंबे समय से यातायात जन-जागरूकता, सड़क सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, समाज सेवा और जनहित के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से न केवल कोरिया जिले बल्कि नगर सेना एवं पुलिस विभाग का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित हुआ है।आईजी द्वारा सम्मानित किए जाने के साथ ही डीआईजी नगर सेना राजेश पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक, कोरिया ने भी उनके सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए ₹500-₹500 का नगद पुरस्कार प्रदान किया।हाल ही में डॉ. महेश मिश्रा ने "यातायात नियमों के परिपालन संबंधी जागरूकता का अध्ययन: छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिले के विशेष संदर्भ में" विषय पर शोध कर पीएचडी की उपाधि भी प्राप्त की है, जिसे उनके कार्यों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मिश्रा ने वाहन चालकों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं अक्सर लापरवाही का परिणाम होती हैं। नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से यातायात पुलिस का सहयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।