नर्सिंग कॉलेज निर्माण को लेकर सरडी ग्रामवासियों व वरिष्ठ जनों ने दिया समर्थन, कलेक्टर को सौंपा आवेदन।

बैकुंठपुर। जिले के ग्राम पंचायत सरडी (जुनापारा) में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया है। इस संबंध में ग्रामवासियों द्वारा कलेक्टर कोरिया को आवेदन सौंपकर स्पष्ट किया गया है कि उन्हें नर्सिंग कॉलेज निर्माण पर किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है।आवेदन में उल्लेख किया गया है कि जिस स्थल पर नर्सिंग कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है, वहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। ग्रामीणों का कहना है कि नर्सिंग महाविद्यालय बनने से क्षेत्र में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।ग्रामवासियों ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि सरडी (जुनापारा) में नर्सिंग कॉलेज निर्माण कार्य को शीघ्र आगे बढ़ाया जाए। आवेदन में यह भी कहा गया है कि कॉलेज निर्माण के लिए ग्राम के सभी नागरिकों का पूर्ण समर्थन है।इस आवेदन के सामने आने के बाद नर्सिंग कॉलेज निर्माण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच ग्रामवासियों का रुख स्पष्ट हो गया है, जिससे परियोजना को स्थानीय स्तर पर समर्थन मिलने की बात सामने आई है।