अमृत भारत स्टेशन योजना: 15 करोड़ की लागत से आधुनिक बना दौसा रेलवे स्टेशन, यात्रियों को मिली बेहतर सुविधाएं

अमृत भारत स्टेशन योजना: 15 करोड़ की लागत से आधुनिक बना दौसा रेलवे स्टेशन, यात्रियों को मिली बेहतर सुविधाएं

दौसा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजस्थान के महत्वपूर्ण दौसा रेलवे स्टेशन का करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और यात्री-अनुकूल बनाया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलने के साथ क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, दिल्ली?अहमदाबाद रेल मार्ग पर जयपुर से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित दौसा रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 15 हजार यात्री यात्रा करते हैं। स्टेशन पर 74 ट्रेनों का ठहराव होता है, जिससे यह क्षेत्र का एक प्रमुख रेल केंद्र है।

पुनर्विकास के तहत स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण किया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, अलग प्रवेश और निकास द्वार, नया पोर्च, भारतीय कला और संस्कृति पर आधारित आकर्षक चित्रों से सुसज्जित वेटिंग हॉल तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग की सुविधा विकसित की गई है।

यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 4.10 करोड़ रुपये की लागत से नया फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया गया है, जिसमें रैंप और कवरिंग शेड की सुविधा भी दी गई है। वहीं 1.08 करोड़ रुपये की लागत से दो आधुनिक लिफ्ट स्थापित की गई हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए हेल्प बूथ, विशेष शौचालय, रैंप, वाटर बूथ, पार्किंग, साइनेज और बैठने की अलग व्यवस्था भी की गई है।

स्टेशन पर आधुनिक ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच इंडिकेशन बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर रीसाइक्लिंग प्लांट और सोलर पावर जैसी पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

रेलवे का मानना है कि दौसा रेलवे स्टेशन के इस पुनर्विकास से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय व्यापार, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।