रायसिंहनगर की ग्राम पंचायत भोमपुरा में ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, 3 साल से अनसुनी मांगों को लेकर सेवा शिविर का किया बहिष्कार, पंचायत भवन पर जड़ा ताला, शुरू किया धरना

श्रीगंगानगर के जिले की रायसिंहनगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत भोमपुरा में ग्रामीणों ने प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर आज सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर का बहिष्कार कर दिया। अपनी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत भवन पर ताला जड़ दिया और बाहर धरने पर बैठ गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 3 सालों से वे प्रशासन के सामने वॉटर वर्क्स बनाए जाने, हड्डा-रोड़ी की समस्या का निदान करने और शमशान भूमि के लिए रास्ता दिए जाने की मांग उठा रहे हैं। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कई बार ज्ञापन और गुहार लगाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर पाए। ऐसे में पूर्व में दी गई चेतावनी के अनुसार आज उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविर का बहिष्कार करने का फैसला लिया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं होता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। पंचायत भवन पर ताला लगने से सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुआ है।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता करने का प्रयास किया।