शिक्षक के तबादले के विरोध में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, राजकीय विद्यालय के बाहर छात्रों-ग्रामीणों ने किया धरना-प्रदर्शन, TC कटवाने और बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर क्षेत्र की पंचायत गांव 56F स्थित राजकीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक रविंद्र कुमार के स्थानांतरण की खबर से गांव में आक्रोश फैल गया है। तबादले से नाराज छात्रों और ग्रामीणों ने आज विद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और स्कूल के सामने धरना लगा दिया।

प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए रविंद्र कुमार के तबादले को तुरंत रोकने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि रविंद्र के आने से पहले स्कूल में मात्र 3-4 छात्र ही पढ़ते थे। लेकिन रविंद्र की मेहनत और लगन के कारण स्कूल की दिशा और दशा दोनों बदल गईं।

ग्रामीणों ने बताया कि "रविंद्र सर की मेहनत के बूते आज स्कूल में छात्रों की संख्या 250 पार कर चुकी है।" उन्होंने कहा कि रविंद्र अपने विषय गणित के साथ-साथ अन्य विषय भी बच्चों को पढ़ाते हैं। स्कूल में अन्य विषयों के शिक्षक नहीं होने के बावजूद बच्चों के परीक्षा में अच्छे अंक आ रहे हैं इसका पूरा श्रेय रविंद्र को जाता है।

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों और छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि रविंद्र कुमार का ट्रांसफर रद्द नहीं हुआ तो वे स्कूल से TC कटवाकर बच्चों को दूसरे स्कूल में भेज देंगे और एक बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।

फिलहाल विद्यालय प्रबंधन ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या फैसला लेता है।