Chandauli News: चकिया नगर के एक ही परिवार के छह सदस्यों ने किया रक्तदान, मानवता और समाजसेवा की पेश की मिसाल

कैलाश प्रसाद जायसवाल के परिवार की अनूठी पहल बनी प्रेरणा, रक्तदान शिविर में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। रक्तदान को महादान कहा जाता है और जब पूरा परिवार एक साथ इस पुनीत कार्य के लिए आगे आए तो यह समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। चंदौली स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में चकिया नगर के एक ही परिवार के छह सदस्यों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।

चकिया नगर के वरिष्ठ समाजसेवी, बड़े व्यापारी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश प्रसाद जायसवाल के नेतृत्व में उनकी पत्नी समाजसेविका आरती जायसवाल, भाई मनीष जायसवाल तथा परिवार के अन्य सदस्यों सहित कुल छह लोगों ने एक साथ रक्तदान किया। परिवार की इस पहल की उपस्थित लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की।परिवार के सदस्यों ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकता है। यदि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर रक्तदान करे तो रक्त की कमी से किसी मरीज की जान नहीं जाएगी।
बताया गया कि परिवार के कई सदस्य पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से रक्तदान करते आ रहे हैं तथा लोगों को भी रक्तदान के लिए जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी यह सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायी है।रक्तदान शिविर में मौजूद लोगों ने कहा कि जब सेवा और संस्कार पूरे परिवार की पहचान बन जाएं तो समाज में सकारात्मक बदलाव स्वतः दिखाई देने लगता है। परिवार की इस पहल ने युवाओं को भी रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश दिया।सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे सेवाभावी परिवार समाज की अमूल्य धरोहर हैं। रक्तदान के माध्यम से उन्होंने न केवल मानवता की सेवा की है, बल्कि यह भी साबित किया है कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए केवल संकल्प की आवश्यकता होती है।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं का सम्मान भी किया गया। उपस्थित लोगों ने परिवार के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान जैसे महादान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर होते रहने चाहिए।रक्तदान शिविर में परिवार की सामूहिक सहभागिता पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। लोगों ने इसे सामाजिक एकता, सेवा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

*युवा समाजसेवी अंकित कुमार ने नौवीं बार किया रक्तदान*
चकिया। चकिया नगर के वार्ड नंबर-6 निवासी युवा समाजसेवी अंकित कुमार ने एक बार फिर मानवता की सेवा का परिचय देते हुए रक्तदान शिविर में नौवीं बार स्वेच्छा से रक्तदान किया। अंकित कुमार लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उनके इस सराहनीय कार्य की उपस्थित लोगों ने प्रशंसा करते हुए युवाओं से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।