चकिया विकासखंड परिसर में ब्लॉक प्रमुख की अध्यक्षता में हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक, 5 करोड़ के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। विकासखंड सभागार में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें मनरेगा,राज्य वित्त और केन्द्रीय वित्त के मद में कुल 5 करोड़ के कार्यों की कई परियोजनाओं को पास किया गया। बैठक में कृषि विभाग द्वारा लोगों को फार्मर रजिस्ट्री जल्द से जल्द कराने की बात कही गई। वहीं बैठक में सहकारिता, समाज कल्याण, पंचायती राज,कृषि उद्यान,युवा कल्याण और बाल विकास परियोजना के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। विधायक कैलाश खरवारने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक विकास योजनाओं की समीक्षा और नई योजनाओं को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण मंच है।

सरकार की मंशा है कि गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, सामुदायिक भवन, रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। बीडीओ अनिल कुमार राय ने बताया कि मनरेगा व राज्य वित्त के तहत 5 करोड़ की 70 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य संजू पटेल ने पिछले पांच साल से बकाए मानदेय का मुद्दा उठाया। वहीं विठवल कला गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पाठक ने सामुदायिक शौचालय का हमेशा ताला बंद रहने, पंचायत भवन का ग्रामीणों को लाभ न मिलने की शिकायत की। जिस पर अधिकारियों ने समस्या का निदान जल्द कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्य रूप एडीओ पंचायत एनडी तिवारी, एडीओ समाज कल्याण अनुराग शुक्ला, एडीओ कृषि अजीत कुमार, जेई आगाज खां, प्रधान संघ अध्यक्ष रामलाल यादव, गुड्डू, सलीम, रंगलाल, कमलेश सहित कई ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।