मारवाड़ मूंडवा से पहली बार रवाना हुई पेट्रोलियम कोक की रैक, रेलवे को 57.19 लाख रुपये का राजस्व

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए मारवाड़ मूंडवा स्टेशन से पहली बार पेट्रोलियम कोक (पेट कोक) की रैक अंबाला के लिए रवाना की है। इसके साथ ही मंडल के फ्रेट कारोबार में एक नई कमोडिटी शामिल हो गई है, जिससे रेलवे के मालभाड़ा राजस्व में वृद्धि होने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि मारवाड़ मूंडवा स्थित अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के गति शक्ति कार्गो टर्मिनल से पेट कोक लोडिंग की सफल शुरुआत की गई। पहली रैक में 3,227 टन पेट्रोलियम कोक लोड कर अंबाला मंडल स्थित जीएसीएल के लिए भेजा गया, जिससे रेलवे को 57.19 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि यह केवल नई रैक का संचालन नहीं, बल्कि जोधपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट रणनीति की बड़ी सफलता है। नए उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को रेल परिवहन से जोड़ने के प्रयासों के चलते मंडल के फ्रेट बास्केट में लगातार नई कमोडिटी शामिल हो रही हैं। इससे रेलवे की आय बढ़ने के साथ उद्योगों को भी बेहतर और भरोसेमंद लॉजिस्टिक सुविधा मिल रही है।

डीआरएम ने बताया कि सड़क मार्ग की तुलना में रेल से माल ढुलाई अधिक किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल है। पेट कोक जैसी नई कमोडिटी की रेल ढुलाई से उद्योगों की परिवहन लागत कम होगी, समय पर आपूर्ति सुनिश्चित होगी और रेलवे के मालभाड़ा कारोबार को भी नई मजबूती मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि पेट्रोलियम कोक कच्चे तेल के शोधन के दौरान बनने वाला उच्च कार्बनयुक्त ईंधन है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से सीमेंट उद्योग की भट्टियों में किया जाता है। इसकी बड़े पैमाने पर ढुलाई के लिए रेल सबसे उपयुक्त माध्यम मानी जाती है। मारवाड़ मूंडवा से इसकी लोडिंग शुरू होने से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होगी और उद्योगों को कम लागत में समयबद्ध आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी।