महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने जोधपुर स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने जोधपुर स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार देर शाम जोधपुर पहुंचकर जोधपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री के पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम में भी भाग लिया।

जोधपुर प्रवास के दौरान महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगामी चरणों से अवगत कराया।

महाप्रबंधक ने निर्देश दिए कि सभी पुनर्विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही आधुनिक तकनीक के उपयोग, विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय और कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जोधपुर सहित मंडल के अन्य स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर उप मुख्य अभियंता (निर्माण) अभिमन्यु आर्य ने प्रस्तुतीकरण और जोधपुर रेलवे स्टेशन के मॉडल के माध्यम से पुनर्विकास परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा बैठक में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।