हरदोई में जलभराव के विरोध में सपा नेता ने सड़क पर रोपे धान, कीचड़ में भाजपा के झंडे लगाकर जताया विरोध, निजात न मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

हरदोई। नगर की जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने गुरुवार को नघेटा रोड पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क पर धान की रोपाई की और कीचड़ में भाजपा के झंडे लगाकर नगर की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि थोड़ी सी बारिश होते ही हरदोई नगर की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। जलभराव के कारण आम लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है, लेकिन नगर पालिका और संबंधित अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जल निकासी और सड़क निर्माण के लिए आने वाले बजट का सही उपयोग नहीं किया गया, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि नघेटा रोड, मेडिकल कॉलेज मार्ग, आरआर इंटर कॉलेज, बाल विद्या भवन रोड, मन्नापुरवा के निकट लखनऊ मार्ग, बिलग्राम चुंगी, मंगली पुरवा, गंगा देवी कॉलेज रोड तथा बिलग्राम रोड सहित कई प्रमुख मार्ग जलभराव और गड्ढों के कारण बदहाल हो चुके हैं। इससे छात्र-छात्राओं, मरीजों, व्यापारियों और आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रामज्ञान गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि नगर की जल निकासी व्यवस्था में शीघ्र सुधार और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू नहीं कराई गई, तो समाजवादी पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता 'मिन्ना', अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव 'दीपू', चंद्रप्रकाश गुप्ता, रामदत्त गुप्ता, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, दुर्गेश, रिंकू गुप्ता, हरिश्चंद्र, रमेश यादव, विनय सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी नगर की बदहाल सड़कों और जलभराव से निजात दिलाने की मांग उठाई।