हरदोई में एटीएम का गेट खोलते ही सफाईकर्मी को लगा करंट, मौके पर हुई दर्दनाक मौत, बैंक प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की सिटी शाखा के बाहर स्थित एटीएम में करंट उतरने से एक सफाईकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बैंक प्रबंधन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मल्लावां विकासखंड क्षेत्र के सुमेई गांव में तैनात सफाई कर्मचारी मनोज कुमार (42) निवासी रुकमनापुर गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे बावन चुंगी स्थित एसबीआई सिटी शाखा के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने एटीएम का गेट खोला, उसमें उतरे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए और जमीन पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मनोज अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो दिनों से एटीएम में करंट उतरने की शिकायतें मिल रही थी, लेकिन बैंक प्रबंधन और एटीएम संचालक ने सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए। बारिश के मौसम के बावजूद एटीएम परिसर में सुरक्षा मानकों के अनुरूप रबर मैट तक नहीं बिछाई गई थी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।