भूस्खलन के चलते 17 जुलाई तक कई ट्रेनें रद्द, मध्य रेलवे ने जारी की सूची

मुंबई। मुंबई?पुणे रेल मार्ग के लोनावला करजात सेक्शन में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से रेल संचालन प्रभावित हो गया है। मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और अनिश्चितता से बचाने के लिए 10 से 17 जुलाई 2026 तक कई नियमित और विशेष ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया है।

रेलवे के अनुसार, 6 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश से लोनावला करजात रेलखंड पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे तीनों रेल लाइनों पर परिचालन प्रभावित हुआ है। क्षतिग्रस्त ट्रैक को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन व्यापक नुकसान और कठिन परिस्थितियों के कारण इसमें समय लग सकता है।

रद्द की गई ट्रेनों में हुब्बली दादर एक्सप्रेस, इंदौर दौंड एक्सप्रेस, सीएसएमटी हैदराबाद एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट मेल सहित कई प्रमुख दैनिक ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा महालक्ष्मी एक्सप्रेस, जोधपुर हडपसर एक्सप्रेस, दादर?सातारा, दादर साईनगर शिर्डी जैसी ट्रेनों को भी अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है।

विशेष ट्रेनों में सीएसएमटी गोरखपुर, पुणे?गोरखपुर, पुणे?गाजीपुर सिटी तथा पुणे हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी निर्धारित तिथियों पर निरस्त रहेगा।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और ट्रैक बहाली का कार्य चौबीसों घंटे जारी है। रेलवे का प्रयास है कि जल्द से जल्द रेल सेवाएं सामान्य की जाएं।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले रेलवे हेल्पलाइन या एनटीईएस ऐप के माध्यम से ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने तथा आधिकारिक सोशल मीडिया अपडेट पर नजर रखने की अपील की है। प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न इस असुविधा के लिए यात्रियों से सहयोग की भी अपील की गई है।