लोणावला–कर्जत रेलखंड पर बहाली कार्य तेज, एक लाइन से ट्रेन संचालन शुरू, 1100 से अधिक कर्मचारी जुटे

मुंबई। मध्य रेल ने बताया कि लोणावला?कर्जत रेलखंड पर भूस्खलन के बाद रेल सेवाओं को सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर बहाली कार्य जारी है। 7 जुलाई की रात 10:30 बजे एक लाइन पर रेल यातायात बहाल कर दिया गया, जबकि शेष दो लाइनों को चालू करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

रेलवे के अनुसार, डाउन लाइन पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस?कोयंबटूर एक्सप्रेस और दादर?साईनगर शिर्डी एक्सप्रेस को निर्धारित गति प्रतिबंध के साथ रवाना किया गया। वहीं अप लाइन पर हैदराबाद?छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस हुसैन सागर एक्सप्रेस का संचालन भी शुरू कर दिया गया।

मध्य रेल ने बताया कि 6 जुलाई को भारी बारिश के कारण लोणावला?कर्जत खंड में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ था, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ और कई ट्रेनों को निरस्त, मार्ग परिवर्तित या पुनर्निर्धारित करना पड़ा।

रेल सेवाओं की शीघ्र बहाली के लिए 1100 से अधिक कर्मचारी और श्रमिक चौबीसों घंटे कार्य में जुटे हैं। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए रेनकोट, गमबूट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। उनके ठहरने के लिए टेंट तथा भोजन और चाय-नाश्ते की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

बहाली कार्य में तेजी लाने के लिए बोल्डर स्पेशल ट्रेन, बैलास्ट रेक, यूनिमैट और डुओमैटिक ट्रैक मशीनों के साथ 8 पोक्लेन और 12 जेसीबी मशीनों को लगाया गया है। जरूरत के अनुसार कर्मचारियों को कार्यस्थल तक पहुंचाने के लिए श्रमिक विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।

मध्य रेल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन परिचालन की ताजा जानकारी रेलवे हेल्पलाइन या एनटीईएस (NTES) ऐप से प्राप्त करें और प्राकृतिक आपदा के कारण उत्पन्न अस्थायी असुविधा के दौरान सहयोग एवं धैर्य बनाए रखें।