भूस्खलन से मध्य रेल का परिचालन प्रभावित, 14 ट्रेनें रद्द, कई के मार्ग बदले

भूस्खलन से मध्य रेल का परिचालन प्रभावित, 14 ट्रेनें रद्द, कई के मार्ग बदले

मुंबई। लोणावला कर्जत रेलखंड के ठाकुरवाडी केबिन और मंकी हिल केबिन के बीच 6 जुलाई को हुए भूस्खलन के कारण मध्य रेल का परिचालन मंगलवार को भी प्रभावित रहा। मध्य रेल द्वारा जारी दोपहर 12 बजे तक की अद्यतन जानकारी के अनुसार कुल 14 रेलगाड़ियां रद्द, 1 आंशिक रूप से रद्द, 5 के मार्ग परिवर्तित, 3 को गंतव्य से पहले समाप्त, 3 को परिवर्तित प्रारंभिक स्टेशन से चलाया गया, जबकि 1 ट्रेन का समय पुनर्निर्धारित किया गया है।

रेलवे के अनुसार 7 जुलाई को पुणे सीएसएमटी खंड की कई प्रमुख ट्रेनें, जिनमें इंद्रायणी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस और पुणे?सोलापुर इंटरसिटी शामिल हैं, निरस्त कर दी गई हैं। इसके अलावा 11092 पुणे?भुज एक्सप्रेस (6 जुलाई) तथा 11091 भुज?पुणे एक्सप्रेस (8 जुलाई) भी रद्द रहेगी।

सीएसएमटी?कोल्हापुर एक्सप्रेस (11029) को सीएसएमटी और खड़की के बीच आंशिक रूप से निरस्त किया गया है और यह खड़की से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी।

वहीं चेन्नई सीएसएमटी, वेलांकन्नी दहानू रोड स्पेशल, नांदेड़ पनवेल, यशवंतपुर बाड़मेर तथा कोयंबटूर एलटीटी एक्सप्रेस को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है।

इसके अलावा हुब्बल्ली दादर एक्सप्रेस, हैदराबाद सीएसएमटी एक्सप्रेस और सोलापुर सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस को पुणे में ही समाप्त किया जाएगा, जबकि दादर हुब्बल्ली एक्सप्रेस, सीएसएमटी सिकंदराबाद एक्सप्रेस और सीएसएमटी सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस अब पुणे से अपनी यात्रा शुरू करेंगी।

मध्य रेल ने सीएसएमटी?नांदेड़ एक्सप्रेस (20706) का प्रस्थान समय भी बदलते हुए इसे 7 जुलाई को दोपहर 3:15 बजे रवाना करने का निर्णय लिया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की ताज़ा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।