गोरखपुर कैंट–उनौला रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य, कई ट्रेनों का मार्ग बदला, कुछ रहेंगी लेट

जयपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर कैंट उनौला रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के तहत नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किए जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन, रेगुलेशन और रीशेड्यूलिंग की गई है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार 21 जुलाई 2026 को खातीपुरा से रवाना होने वाली 19725 खातीपुरा दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग बाराबंकी अयोध्या कैंट शाहगंज मऊ भटनी सीवान थावे कप्तानगंज होकर चलेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन गोंडा और गोरखपुर जंक्शन पर ठहराव नहीं करेगी।

इसके अलावा 17 जुलाई को पोरबंदर से चलने वाली 19269 पोरबंदर मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस लखनऊ मंडल में 1 घंटा 30 मिनट तक रेगुलेट रहेगी। वहीं 18 जुलाई को दरभंगा से रवाना होने वाली 19726 दरभंगा?खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस वाराणसी मंडल में 30 मिनट रेगुलेट की जाएगी।

इसी प्रकार 21 जुलाई को गोरखपुर से चलने वाली 12555 गोरखपुर बठिंडा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 1 घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी प्राप्त करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।