डिप्टी सीटीआई की सतर्कता से दो नाबालिग परिजनों से मिले, आरपीएफ ने सुरक्षित सौंपा

अजमेर। अजमेर रेलवे स्टेशन पर टिकट जांच के दौरान डिप्टी सीटीआई की सतर्कता और संवेदनशीलता से दो नाबालिग बालकों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। यह घटना 7 जुलाई को ट्रेन संख्या 20993 में टिकट जांच के दौरान सामने आई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि डिप्टी सीटीआई गौरव मिलक को सामान्य श्रेणी के कोच में दो किशोर बिना टिकट यात्रा करते मिले। पूछताछ में दोनों ने जुर्माना भरने में असमर्थता जताई। आगे पूछताछ में पता चला कि वे कुचामन सिटी स्थित एक डिफेंस अकादमी से बिना बताए निकल आए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों किशोरों को आरपीएफ थाना, अजमेर ले जाया गया। वहां उनकी पहचान देवीलाल गुर्जर और युवराज के रूप में हुई। इसके बाद आरपीएफ ने उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें अजमेर बुलाया तथा नियमानुसार चाइल्ड हेल्पलाइन को भी सूचना दी।

सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने और चाइल्ड हेल्पलाइन की मौजूदगी में दोनों नाबालिगों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने डिप्टी सीटीआई की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।