इज्जतनगर रेल मंडल को मिला 150वां अत्याधुनिक WAG-9HC विद्युत इंजन, ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली से लैस

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने आधुनिक रेल संचालन की दिशा में एक और उपलब्धि हासिल करते हुए 150वें WAG-9HC विद्युत लोकोमोटिव को सेवा के लिए तैयार किया है। 6,350 हॉर्स पावर क्षमता वाले इस अत्याधुनिक इंजन का अनावरण पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने विद्युत लोको शेड, इज्जतनगर में किया।

इज्जतनगर विद्युत लोको शेड द्वारा निर्मित यह इंजन अत्याधुनिक तकनीक, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों और लोको पायलटों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें स्वदेशी ?कवच? सुरक्षा प्रणाली लगाई गई है, जो सिग्नल उल्लंघन (SPAD) या एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनों के आमने-सामने आने जैसी स्थिति में स्वतः आपातकालीन ब्रेक लगाकर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में सक्षम है।

इंजन में डिस्ट्रिब्यूटेड पावर वायरलेस कंट्रोल सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे दो या अधिक लोकोमोटिवों का समन्वित संचालन कर लंबी और भारी मालगाड़ियों का सुरक्षित परिचालन किया जा सकेगा। रात्रिकालीन संचालन के लिए उच्च क्षमता वाली एलईडी हेडलाइट भी उपलब्ध कराई गई है।

लोको पायलटों की सुविधा के लिए इंजन में वातानुकूलित चालक केबिन, एर्गोनॉमिक सीटें, वाटरलेस यूरिनल, निरीक्षण सीट, मोबाइल चार्जिंग सॉकेट, एलईडी सिग्नल एक्सचेंज लाइट, बोतल होल्डर और फ्लैग होल्डर जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरएस योगेश कुमार सहित विद्युत लोको शेड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 150वें विद्युत लोको के सफल निर्माण पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह इंजन भारतीय रेल के सुरक्षित, विश्वसनीय और ऊर्जा दक्ष माल परिवहन को नई गति देगा।