इज्जतनगर मंडल में रेलवे बोर्ड सदस्य ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

इज्जतनगर मंडल में रेलवे बोर्ड सदस्य ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

बरेली। रेलवे बोर्ड के सदस्य (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विवेक कुमार गुप्ता ने सोमवार को पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के निरीक्षण कार्यक्रम के तहत काठगोदाम?इज्जतनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अवसंरचना, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का गहन जायजा लिया तथा अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और परिसंपत्तियों के बेहतर अनुरक्षण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सदस्य (इन्फ्रास्ट्रक्चर) ने नीलमणि के साथ विभिन्न रेलवे स्टेशनों, स्टेशन भवनों, रेल यार्ड, रेल पथ, ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई), पुलों और समपार फाटकों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, संरचनात्मक मानकों और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए नियमित अनुरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके बाद इज्जतनगर मंडल सभागार में निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें उदय बोरवणकर, एम.एल. मकवाना, पी.सी. जायसवाल, वीणा सिन्हा, मनोज कुमार सहित मंडल के सभी शाखाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए विवेक कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलवे के प्रत्येक निर्माण और अनुरक्षण कार्य में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्तापूर्ण सामग्री और सुव्यवस्थित कार्य योजना के अनुसार किए जाएं। साथ ही उन्होंने अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) के मानकों के अनुरूप सामग्री और तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया, ताकि रेलवे अवसंरचना की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कार्यस्थल सुरक्षा, अनुरक्षण के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। सदस्य (इन्फ्रास्ट्रक्चर) ने आधुनिक तकनीकों के अधिक उपयोग, नियमित निरीक्षण, प्रभावी निगरानी तथा कर्मचारियों के सतत कौशल विकास की आवश्यकता पर भी बल दिया।

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि रेलवे में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्माण तथा अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करना चाहिए। वहीं मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने सदस्य (इन्फ्रास्ट्रक्चर) का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके सुझावों और निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन से इज्जतनगर मंडल में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय रेल अवसंरचना के विकास को नई गति मिलेगी।