अजमेर मंडल के 17 रेलवे स्टेशनों पर 53 एटीवीएम सहायक होंगे नियुक्त, रेलवे ने मांगे आवेदन

अजमेर मंडल के 17 रेलवे स्टेशनों पर 53 एटीवीएम सहायक होंगे नियुक्त, रेलवे ने मांगे आवेदन

अजमेर। अजमेर मंडल में यात्रियों को अनारक्षित टिकट सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर लगी स्वचालित टिकट वितरण मशीनों से टिकट जारी करने के लिए 53 एटीवीएम सहायक नियुक्त किए जाएंगे। इसके लिए सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों से आवेदन मांगे गए हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार यह नियुक्तियां अजमेर मंडल के कुल 17 रेलवे स्टेशनों पर की जाएंगी। इनमें अजमेर जंक्शन पर 7 पद, उदयपुर 6 पद, भीलवाड़ा 6 पद, आबू रोड 6 पद, पिंडवाड़ा 4 पद, मारवाड़ जंक्शन 3 पद, जवाई बांध 3 पद सहित अन्य स्टेशनों पर पद निर्धारित किए गए हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह नियुक्ति पूरी तरह अनुबंध के आधार पर दो वर्ष के लिए होगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर आगे एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है। इन पदों पर रेलवे की ओर से कोई निश्चित वेतन नहीं दिया जाएगा, बल्कि टिकट बिक्री के मूल्य पर नियमानुसार 3 प्रतिशत कमीशन दिया जाएगा।

चयन प्रक्रिया में पहली प्राथमिकता सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को, दूसरी प्राथमिकता उनके नामित जीवनसाथी या वयस्क संतान को और तीसरी प्राथमिकता सामान्य जनता को दी जाएगी। यदि किसी स्टेशन पर आवश्यकता से अधिक आवेदन आते हैं तो चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

सामान्य श्रेणी से चयनित अभ्यर्थियों को अजमेर और उदयपुर जैसे बड़े स्टेशनों के लिए 50 हजार रुपये तथा अन्य स्टेशनों के लिए 25 हजार रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा राशि जमा करनी होगी।

आम नागरिकों के लिए आवेदन की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदक उसी जिले का निवासी होना चाहिए जहां संबंधित स्टेशन स्थित है। साथ ही न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास या समकक्ष रखी गई है। आवेदक को हिंदी और अंग्रेजी भाषा का ज्ञान होना जरूरी होगा।

आवेदन के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र लगाना अनिवार्य किया गया है। आवेदन पत्र और विस्तृत जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट उत्तर पश्चिम रेलवे वेबसाइट पर 3 जुलाई 2026 से उपलब्ध कराई गई है।