भारतीय रेल में पहली बार डिजिटल हेल्थ क्रांति: मध्य रेल के अस्पताल में शुरू हुई QR कोड आधारित मरीज फीडबैक प्रणाली

भारतीय रेल में पहली बार डिजिटल हेल्थ क्रांति: मध्य रेल के अस्पताल में शुरू हुई QR कोड आधारित मरीज फीडबैक प्रणाली

मध्य रेल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और अभिनव पहल करते हुए डिजिटल हेल्थकेयर की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुंबई के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मेमोरियल अस्पताल ने भारतीय रेल में पहली बार QR कोड आधारित रियल टाइम मरीज फीडबैक प्रणाली शुरू कर नई मिसाल कायम की है।

यह अत्याधुनिक प्रणाली 1 जुलाई 2026 को आयोजित डॉक्टर्स डे समारोह के दौरान डॉ. ममता शर्मा द्वारा लॉन्च की गई। इस अवसर पर मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में विशेष हेल्प डेस्क सेवा की भी शुरुआत की गई।

नई डिजिटल व्यवस्था के तहत अब मरीज और उनके परिजन अपने मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन करके अस्पताल की सेवाओं के बारे में तुरंत अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा सकेंगे। इससे अस्पताल प्रशासन को रियल टाइम फीडबैक मिलेगा और जिन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत होगी, वहां तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने, मरीजों की भागीदारी मजबूत करने और सेवा गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

मध्य रेल का यह अस्पताल भारतीय रेल का पहला ऐसा अस्पताल बन गया है जहां इस तरह की डिजिटल फीडबैक प्रणाली लागू की गई है। इसे रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक के बेहतर उपयोग और मरीज-केंद्रित सेवा मॉडल की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

समारोह में चिकित्सा निदेशक डॉ. एस. कनकराया, मुख्य अधीक्षक-II डॉ. बीना कुमारी सहित डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ और अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान मरीजों की बेहतर सेवा देने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों को सम्मानित भी किया गया।

इसके साथ शुरू की गई हेल्प डेस्क सेवा मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा होगी। यह सेवा ओपीडी पंजीकरण, अपॉइंटमेंट, विभागों की जानकारी, जांच सेवाएं, भर्ती और डिस्चार्ज प्रक्रिया जैसी सुविधाओं में सहायता करेगी। खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और पहली बार अस्पताल आने वाले मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि मध्य रेल अपने कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए लगातार तकनीक आधारित और मरीज-अनुकूल सेवाएं शुरू कर रहा है।

मध्य रेल की यह पहल भारतीय रेल के स्वास्थ्य तंत्र में डिजिटल नवाचार, बेहतर सेवा और मरीजों के विश्वास को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।