अलीगढ़ में अस्पतालों में चला अग्नि सुरक्षा अभियान, 247 अस्पतालों के स्टाफ को दिया प्रशिक्षण

अलीगढ़ में अस्पतालों में चला अग्नि सुरक्षा अभियान, 247 अस्पतालों के स्टाफ को दिया प्रशिक्षण

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के डीजी फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज तथा एसएसपी अलीगढ़ के निर्देश पर जनपद में अस्पतालों और नर्सिंग होम में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में स्कीम-3 के तहत प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों ने व्यापक जांच और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए।

अभियान के दौरान जनपद के 247 अस्पतालों और नर्सिंग होम में फायर ऑडिट किया गया तथा अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। साथ ही अस्पतालों के डॉक्टरों, कर्मचारियों और प्रबंधन को आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के सही संचालन और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को बताया कि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में अस्पताल का प्रबंधन ही फर्स्ट रिस्पॉन्डर होता है। इसलिए फायर फाइटिंग टीम, रेस्क्यू टीम और इवैक्यूएशन टीम को हमेशा तैयार रखा जाए, ताकि शुरुआती स्तर पर ही आग पर प्रभावी नियंत्रण कर उसे फैलने से रोका जा सके।

अभियान के दौरान अस्पताल संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी निकास द्वार हमेशा अवरोध मुक्त रखें, वहां किसी भी प्रकार का सामान न रखें तथा समय-समय पर विद्युत वायरिंग का ऑडिट कराकर विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसके अलावा अस्पतालों में अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।