अमरनाथ यात्रा पर रेलवे का फोकस, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जम्मू मंडल पूरी तरह अलर्ट

अमरनाथ यात्रा शुरू होते ही रेलवे अलर्ट, जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए कसी कमर

जम्मू। भारतीय रेल की पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू होते ही जम्मू रेल मंडल पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने और उनकी यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां और तेज कर दी हैं।

जम्मू रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर साफ-सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों को जरूरी जानकारी और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि खानपान सेवाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए और यात्रियों से किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि वसूली की शिकायत नहीं आनी चाहिए। यदि किसी के खिलाफ शिकायत मिलती है तो रेलवे नियमों के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि प्रतीक्षालयों में वातानुकूलन व्यवस्था ठीक रहे, स्टेशन परिसर में सभी पंखे लगातार चलते रहें और यात्रियों को हर जरूरी सुविधा समय पर मिलती रहे।

विशेष बात यह है कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल स्वयं देर रात से रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की लगातार निगरानी कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, जिससे यह साफ है कि इस बार अमरनाथ यात्रा के दौरान रेलवे यात्रियों की सुविधा को लेकर पूरी तरह सजग और सक्रिय है।

उत्तर रेलवे की यह तत्परता दर्शाती है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे की पहली प्राथमिकता है।