बिलारी में निःशुल्क स्वास्थ्य मेगा कैंप, 700 से अधिक लोगों ने उठाया विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ

बिलारी। नगर पालिका परिषद बिलारी में रविवार को जिज्ञासा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, रामपुर रोड, मुरादाबाद द्वारा एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य मेगा कैंप का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन रघुराज सिंह यादव, अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह एवं डॉ. सी.पी. सिंह तथा उनकी टीम के सहयोग से आयोजित इस शिविर में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 700 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में मरीजों के लिए हीमोग्लोबिन (एचबी), शुगर, HbA1c, लिवर की फाइब्रोस्कैन जांच, हड्डियों की मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जांच, फेफड़ों की पीएफटी जांच तथा हृदय की ईसीजी जांच निःशुल्क की गई। साथ ही मरीजों को तीन दिन की निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य शिविर में मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, जीआई एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं आईवीएफ, बाल रोग, त्वचा रोग, फैमिली मेडिसिन, ऑडियोलॉजी, स्पीच थेरेपी और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया तथा आवश्यक उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।

चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार अपनाने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया। शिविर में आए लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की और इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जिज्ञासा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्देश्य आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य के तहत भविष्य में भी समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके।