मुरादाबाद रोडवेज में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, चालक-परिचालकों को सिखाए आग से बचाव के गुर

मुरादाबाद रोडवेज में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, चालक-परिचालकों को सिखाए आग से बचाव के गुर

मुरादाबाद। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुरादाबाद रोडवेज परिसर में अग्निशमन विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सेवा प्रबंधक अनुराग यादव के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में रोडवेज वर्कशॉप के चालक, परिचालक, बुकिंग क्लर्क और अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुरादाबाद अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता से कार्य करने, सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया अपनाने तथा अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी। मॉक ड्रिल के दौरान कर्मचारियों को आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने और आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय भी बताए गए।

सेवा प्रबंधक अनुराग यादव ने कहा कि इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण से कर्मचारियों की आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ती है और किसी भी आकस्मिक घटना के समय जनहानि की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अग्निशमन विभाग के सीएफओ डॉ राजीव कुमार पाण्डेय ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें, कार्यस्थल पर उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों की जानकारी रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर सर्विस को सूचना दें।

यह मॉक ड्रिल सड़क परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और कर्मचारियों को आपदा के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।