जून 2026 में प्रयागराज मंडल ने कमाई के बनाए नए रिकॉर्ड, यात्री आय ₹155.45 करोड़ पहुंची

जून 2026 में प्रयागराज मंडल ने कमाई के बनाए नए रिकॉर्ड, यात्री आय ₹155.45 करोड़ पहुंची

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने जून 2026 में वाणिज्यिक आय के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मंडल ने इस दौरान यात्री आय के रूप में 155.45 करोड़ रुपये अर्जित किए, जो निर्धारित लक्ष्य से 5.18 प्रतिशत अधिक और पिछले वर्ष की तुलना में 10.42 प्रतिशत ज्यादा है।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के निर्देशन में यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएं देने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, बेहतर भोजन व्यवस्था और ट्रेनों व स्टेशनों पर सघन टिकट जांच अभियान प्रमुख हैं।

आंकड़ों के अनुसार जून माह में 70.39 लाख यात्रियों ने प्रयागराज मंडल से यात्रा की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.11 प्रतिशत अधिक है और निर्धारित लक्ष्य से 2.97 प्रतिशत ज्यादा रही। वहीं अन्य कोचिंग आय के अंतर्गत मंडल ने 12.67 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष से 10.27 प्रतिशत अधिक और लक्ष्य से 6.92 प्रतिशत ज्यादा रही।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि बेहतर यात्री सुविधाओं, मजबूत राजस्व प्रबंधन, प्रभावी टिकट जांच व्यवस्था, माल ढुलाई में वृद्धि और गैर-किराया आय के स्रोतों के विस्तार का परिणाम है। प्रयागराज मंडल आने वाले समय में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार और राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखेगा।