यूपीटीईटी-2026 परीक्षा को लेकर प्रयागराज मंडल अलर्ट, परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेनें और कड़ी निगरानी की व्यवस्था

यूपीटीईटी-2026 परीक्षा को लेकर प्रयागराज मंडल अलर्ट, परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेनें और कड़ी निगरानी की व्यवस्था

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली UPTET 2026 को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के रेलमार्ग से आने-जाने की संभावना को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने परिचालन, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।

रेलवे प्रशासन ने मंडल कार्यालय में एक विशेष वार रूम बनाया है, जहां अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यहां से पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी और समन्वय किया जाएगा। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर आवश्यकता के अनुसार परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला जंक्शन और मिर्जापुर रेलवे स्टेशन समेत प्रमुख स्टेशनों पर वाणिज्य, परिचालन और सुरक्षा विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसरों और यात्रियों की आवाजाही पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी, जिससे भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

रेलवे ने सभी प्रमुख स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, पूछताछ केंद्रों को मजबूत करने, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार जरूरी सूचनाएं देने तथा Railway Protection Force और राजकीय रेलवे पुलिस की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की है। साथ ही रेलवे कर्मचारियों को परीक्षार्थियों को मार्गदर्शन देने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

रेल प्रशासन ने यह भी बताया कि जरूरत पड़ने पर कुछ नियमित ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव दिया जा सकता है या उनके संचालन समय में परिचालनिक आवश्यकता के अनुसार बदलाव किया जा सकता है, ताकि अधिक से अधिक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापसी यात्रा में सुविधा मिल सके।

प्रयागराज मंडल ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचें, वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी परीक्षार्थियों और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है।

यह जानकारी प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी।