उत्तर मध्य रेलवे में खिलाड़ियों का सम्मान, महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

उत्तर मध्य रेलवे में खिलाड़ियों का सम्मान, महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

उत्तर मध्य रेलवे ने खेल प्रतिभाओं को सम्मान देने और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की। प्रयागराज स्थित मुख्यालय में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने क्रिकेट, कुश्ती, भारोत्तोलन, हॉकी, जिम्नास्टिक्स, एथलेटिक्स और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 40 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष शशि प्रकाश द्विवेदी द्वारा महाप्रबंधक का स्वागत कर किया गया। इस दौरान रेलवे की खेल उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि अनुशासन, समर्पण, धैर्य और चुनौतियों का सामना करने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल रेलवे बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है और वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने विशेष रूप से अखिल भारतीय रेलवे महिला क्रिकेट चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने वाली उत्तर मध्य रेलवे महिला क्रिकेट टीम की सराहना की। इस टीम की अर्जुन पुरस्कार विजेता पूनम यादव, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एकता बिष्ट, मुख्य कोच हेमलता काला और सहायक कोच नीतू डेविड सहित टीम के 18 सदस्यों को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा कुश्ती के जोंटी कुमार, हॉकी खिलाड़ी रोहित और अंकिल पाल, भारोत्तोलन की कोमल कोहार, कुश्ती के उदित और जिम्नास्टिक के आदित्य सिंह राणा सहित कई खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मान मिला।

खेल संघ के अध्यक्ष शशि प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में रेलवे में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में 27 नए खिलाड़ियों की भर्ती की गई है, जिससे रेलवे की विभिन्न खेल टीमों को और मजबूती मिलेगी।

समारोह में महासचिव गौतम जैन, डॉ. गरिमा त्रिपाठी, गौरव लूनिवाल, अभिषेक सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

यह सम्मान समारोह दर्शाता है कि उत्तर मध्य रेलवे केवल रेल संचालन में ही नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को निखारने, खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने और देश के लिए नई खेल प्रतिभाएं तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।