मुरादाबाद पोस्ट ऑफिस में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, 200 कर्मचारियों को सिखाए आग से बचाव के तरीके

मुरादाबाद पोस्ट ऑफिस में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, 200 कर्मचारियों को सिखाए आग से बचाव के तरीके

मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के निर्देशन में मुरादाबाद के डाकघर परिसर में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस दौरान अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने करीब 200 अधिकारियों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी। मॉक ड्रिल के माध्यम से कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय किस तरह तत्काल सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचना है और शुरुआती स्तर पर आग पर कैसे काबू पाया जा सकता है।

अग्निशमन टीम ने कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी भी दी और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले जरूरी सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से समझाया।

प्रशासन का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को जागरूक बनाना है ताकि किसी भी आपात स्थिति में जानमाल के नुकसान को कम किया जा सके। मॉक ड्रिल के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की कि आग जैसी घटनाओं से बचाव के लिए सतर्क रहें और सुरक्षा नियमों का हमेशा पालन करें।