अहमदाबाद मंडल में हाईटेक इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर शुरू, रेल संचालन होगा और सुरक्षित व तेज

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने रेल संचालन को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अत्याधुनिक स्टेट-ऑफ-द-आर्ट इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर का शुभारंभ कर दिया है। इस नए नियंत्रण केंद्र का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने किया।

करीब 24,500 वर्ग फुट क्षेत्र में बने इस हाईटेक कंट्रोल सेंटर को उत्तर गुजरात क्षेत्र में रेल संचालन के केंद्रीय तंत्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां से विभिन्न विभागों की नियंत्रण गतिविधियों को एक ही छत के नीचे एकीकृत किया गया है, जिससे रेल संचालन की दक्षता, समयपालन और यात्री सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।

उद्घाटन के मौके पर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि अहमदाबाद मंडल लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाकर भारतीय रेल के डिजिटल परिवर्तन को गति दे रहा है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस कंट्रोल सेंटर से ट्रेनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग, स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा निगरानी और किसी भी आपात स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। इससे विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित निर्णय लेना आसान होगा।

केंद्र में अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग किया गया है। लगभग 1,350 रूट किलोमीटर रेल नेटवर्क की निगरानी के लिए विशाल वीडियो डिस्प्ले यूनिट (VDU) वॉल लगाई गई है। यहां फ्रेट कंट्रोल, कोचिंग कंट्रोल, सिग्नल एवं दूरसंचार, इंजीनियरिंग, ट्रैक्शन, क्रू प्रबंधन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), आपदा प्रबंधन और कैरिज एवं वैगन जैसी सभी परिचालन इकाइयों को जोड़ा गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए इस केंद्र को रेल मदद और एनटीईएस से भी जोड़ा गया है, जिससे यात्रियों को ट्रेनों की सही और अपडेट जानकारी समय पर मिल सकेगी।

यह केंद्र प्रतिदिन चलने वाली 130 से अधिक यात्री ट्रेनों और 160 से अधिक मालगाड़ियों की निगरानी करेगा। इससे ट्रेनों के समयपालन में सुधार होगा और लोको इंटरचेंज, जल आपूर्ति, पार्सल प्रबंधन तथा क्रू तैनाती जैसी व्यवस्थाएं अधिक प्रभावी बनेंगी।

247 संचालित रहने वाले इस आधुनिक परिसर में कर्मचारियों के लिए अत्याधुनिक कार्यस्थल, विश्राम कक्ष, मिनी बोर्ड रूम और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। माना जा रहा है कि यह नया इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर भविष्य में अहमदाबाद मंडल की परिचालन क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।