गोराघुमा–सानंद रेलखंड पर समपार फाटक 5 जुलाई तक बंद, रेलवे ने जारी किया यातायात अलर्ट

अहमदाबाद। अहमदाबाद मंडल द्वारा यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गोराघुमा?सानंद रेलखंड पर स्थित समपार फाटक संख्या 16-ए को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन यहां आवश्यक मरम्मत कार्य करा रहा है, जिसके चलते यह फाटक 5 जुलाई 2026 की रात 8 बजे तक सड़क यातायात के लिए बंद रहेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गोराघुमा सानंद रेलखंड पर रेलवे किलोमीटर 517/33-35 पर स्थित इस समपार फाटक पर सुरक्षा और रेल संचालन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मरम्मत कार्य किया जा रहा है। कार्य पूरा होने तक यहां से किसी भी प्रकार का सड़क यातायात नहीं गुजर सकेगा।

यातायात प्रभावित होने की स्थिति में वाहन चालकों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की है। नागरिक समपार फाटक संख्या 16 के ऊपर बने सड़क उपरिगामी पुल तथा मणिपुर गांव अंडरपास मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।

रेलवे प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और मरम्मत कार्य के दौरान रेलवे द्वारा किए जा रहे सुरक्षा संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करें। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है, जिससे भविष्य में यात्रियों और आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।