सायरन बजा, टीम दौड़ी… कुछ घंटों में आग ने मान ली हार

मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, कई फैक्ट्रियां सुरक्षित

मुरादाबाद में बुधवार रात दिल्ली रोड स्थित एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को प्रभावी तरीके से आग बुझाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अग्निशमन विभाग की सूझबूझ, बेहतर समन्वय और लगातार प्रयासों के चलते कुछ ही घंटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि टीम ने आसपास मौजूद अन्य फैक्ट्रियों तक आग फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इस पूरी कार्रवाई में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने मुरादाबाद में आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की एक सराहनीय मिसाल पेश की।