कागारौल-1 विद्यालय में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, वन महोत्सव पर हुआ पौधारोपण

सुमित गर्ग खेरागढ़ संवाददाता

खेरागढ़(कागारौल)। विकास खंड खेरागढ़ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कागारौल-1 में ईको क्लब 'मिशन लाइफ' के अंतर्गत वन महोत्सव कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधारोपण कराया गया तथा प्रकृति के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

मुख्य अतिथि उप क्षेत्रीय वन अधिकारी राजवीर सिंह ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य धन हैं। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनका संरक्षण कर ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण दिया जा सकता है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राज्य पुरस्कृत शिक्षक सत्य पाल सिंह ने वन विभाग की टीम का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया। इस अवसर पर गुलाब सिंह, रामकुमार दीक्षित, दीपक शर्मा, प्रताप सिंह, श्रीमती सीमा रानी, इंद्र प्रकाश, अरविंद यादव, लक्ष्मी नारायण गोयल, जयशंकर प्रसाद सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।